यूट्यूबर ध्रुव राठी पुलिस हिरासत, प्रदर्शन का मामला

दिल्ली। यूट्यूबर ध्रुव राठी को लेकर खबर सामने आई है कि दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 8 बजे गुरुग्राम में उन्हें हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में गुरुग्राम पुलिस ने भी सहयोग किया। हालांकि, उन्हें हिरासत में लिए जाने के कारण और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

बताया गया है कि ध्रुव राठी गुरुवार को बेंगलुरु में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा था।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है। दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के मुताबिक, प्रदर्शन के मद्देनजर दक्षिणी जिले सहित दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने अंतरराज्यीय और अंतर-जिला सीमाओं पर निगरानी बढ़ाई है। डीसीपी के अनुसार, विभिन्न सीमाओं पर करीब 12 पुलिस पिकेट बनाए गए हैं। इसके अलावा जिले के अंदर भी कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और बाहरी पुलिस चौकियों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रदर्शन को लेकर करीब 25 हजार पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती का दावा किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बॉडी कैमरों से भी निगरानी कर रही है, ताकि प्रदर्शन के दौरान होने वाली घटनाओं की रिकॉर्डिंग की जा सके।

दिल्ली की सीमाओं के साथ रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और मेट्रो स्टेशनों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *