मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले 5 लोग, रतनपुर पुलिस ने छापेमारी कर पकड़ा

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर पांच लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, पप्पू निर्मलकर के मकान में कुछ लोगों के संदिग्ध परिस्थितियों में एकत्र होने और आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर छह व्यक्ति मौजूद मिले। इनमें से अजय दुबे मौके से फरार हो गया, जबकि शेष पांच लोगों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत अलग-अलग प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के बाद पांचों को जेल भेज दिया गया।

इन पांच लोगों पर हुई कार्रवाई

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए लोगों में रतनपुर के गांधीनगर निवासी राकेश लोनिया (38 वर्ष), महामायापारा निवासी रवि कुमार प्रजापति (28 वर्ष) और भेड़ीमुड़ा निवासी प्रतीक सिंह ठाकुर (40 वर्ष) शामिल हैं।

इनके अलावा कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के चैतमा निवासी अर्जुन कुम्हार (36 वर्ष) तथा हरदीबाजार निवासी राजकुमार प्रजापति (34 वर्ष) के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले में आगे की जानकारी पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के अनुसार स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *