मौत बनकर आई स्कूटी, सिर के बल गिरा बुजुर्ग, मौत

बिलासपुर। तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से सड़क पार कर रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूटी सवार दोनों लोग मौके से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

ऑटो से उतरकर सड़क पार कर रहे थे बुजुर्ग

जानकारी के मुताबिक, नूतन चौक स्थित अटल आवास में रहने वाले धांधू कुर्मी (65) शुक्रवार दोपहर करीब पौने दो बजे ऑटो से नूतन चौक पहुंचे थे। ऑटो से उतरने के बाद वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कूटी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई।

सिम्स में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल बुजुर्ग को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *