घर लौटी लापता बच्ची ने सेक्स रैकेट का किया भंडाफोड़, 2 महिलाएं और 6 पुरुष गिरफ्तार

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक नाबालिग लड़की की कथित तस्करी, यौन शोषण और देह व्यापार में धकेलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता 5 अक्टूबर को अत्तापुर स्थित कथित देह व्यापार के ठिकाने से किसी तरह निकलकर अपने घर पहुंची। इसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और तोलीचौकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच में सामने आया कि कथित घटना 2 सितंबर की है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी शेख आतिफ ने कथित तौर पर नाबालिग को ऑटो से तोलीचौकी से अत्तापुर पहुंचाया। इसके बाद उसे आफरीन उर्फ सना और समरीन बेगम के हवाले किया गया। आरोप है कि इन दोनों ने खाने और रहने का लालच देकर उसे साबिया बेगम के पास पहुंचाया, जिसे पुलिस ने अत्तापुर में पिलर नंबर 200 के पास संचालित कथित देह व्यापार के अड्डे की मुख्य संचालिका बताया है।

पुलिस के अनुसार, साबिया बेगम ने नाबालिग को सौंपने के बदले शेख आतिफ, आफरीन और समरीन को 30 हजार रुपये दिए थे। आरोप है कि इसके बाद लड़की को जबरन देह व्यापार में धकेला गया और उसका यौन शोषण किया गया। जब पीड़िता ने वहां से जाने की इच्छा जताई, तो उसे कथित तौर पर धमकाया गया।

8 आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया

पुलिस ने इस मामले में शेख आतिफ, साबिया बेगम, मोहम्मद हाजीमिया, आफरीन उर्फ सना, समरीन बेगम, मोहम्मद नदीम, मोहम्मद कैफुद्दीन और अली बिन अकरम को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो अधिनियम (POCSO) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (ITPA) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गोलकुंडा जोन के डीसीपी जे. राघवेन्द्र रेड्डी के नेतृत्व में पुलिस टीम कथित रैकेट के वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *