Headlines

भानुप्रतापपुर में शिक्षक की लाश मिली, इलाके में बदबू फैलने पर खुलासा

कांकेर। जिले से शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर के नजदीक ग्राम पंचायत चौगेल स्थित घर में शिक्षक विमल गोटा का शव मिला है। बताया जा रहा है कि शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। घर से बदबू आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक विमल गोटा अपने घर में अकेले रहते थे। पड़ोसियों को जब उनके घर से तेज बदबू आने लगी तो उन्हें किसी अप्रिय घटना की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर एसडीओपी और थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घर के भीतर शिक्षक का शव बरामद किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं पुलिस ने आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी हासिल की है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमल गोटा की पत्नी भी पेशे से शिक्षिका हैं। दोनों अलग-अलग रहते थे और शिक्षक घर में अकेले रह रहे थे। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी।

फिलहाल शिक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *