दुर्ग जिले में मंदिर में चोरी और आगजनी की घटना का नेवई पुलिस ने खुलासा किया है। रिसाली भांठा स्थित वीर लंगूर भगवान मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी से करीब 3 हजार रुपये चोरी करने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मंदिर के पास बने सामान भंडारण कक्ष में आग लगाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू (27 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
मंदिर का ताला टूटा मिला, दानपेटी से गायब थे रुपये
पुलिस के मुताबिक, रिसाली भांठा चार टंकी के पास वीर लंगूर भगवान का मंदिर स्थित है। मंदिर के बगल में लकड़ी के पट्टों से बने कमरे में मंदिर और भंडारे से संबंधित सामान रखा जाता था। इसमें बर्तन, राशन, फ्रिज, पलंग, कुर्सी, सोफा और कूलर सहित अन्य सामग्री शामिल थी।
25 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे मंदिर में ताला लगाकर प्रार्थी प्रदीप महानंद और अन्य लोग अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह मंदिर पहुंचने पर कमरे में आग लगी हुई मिली। आग से फ्रिज, राशन, भंडारा सामग्री, पलंग, सोफा, कूलर सहित अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। वहीं मंदिर का ताला टूटा हुआ था और दानपेटी में रखे करीब 3 हजार रुपये गायब थे।
गवाह की जानकारी से पुलिस आरोपी तक पहुंची
घटना के संबंध में प्रदीप महानंद (46 वर्ष) ने 26 नवंबर को थाना नेवई में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 799/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 326(छ), 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। इस दौरान उत्तम सिंह ठाकुर नामक गवाह ने बताया कि 25 नवंबर की रात उसने तोड़फोड़ की आवाज सुनी थी। बाहर आकर देखने पर उसने आरोपी मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को पहचान लिया था।
गवाह से मिली जानकारी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पतासाजी की और 28 नवंबर को रिसाली भांठा से उसे पकड़ लिया।
आरोपी को भेजा गया केंद्रीय जेल दुर्ग
पुलिस ने अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रात के समय मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी से नगदी चोरी की थी। मामले में मंदिर के समीप स्थित सामान भंडारण कक्ष में आग लगने से वहां रखा घरेलू और भंडारे का सामान भी जलकर नष्ट हो गया।