रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक ऑटो चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गभरापारा मठपारा निवासी जयकिशन देवांगन, जो पेशे से ऑटो चालक हैं, ने शिकायत दर्ज कराई कि 23 जुलाई की रात करीब 11 बजे वह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके चाचा का बेटा राजेश्वर देवांगन उनके घर के सामने पहुंचा और पुराने झगड़े का हवाला देते हुए समझौता नहीं करने तथा उसके खिलाफ वारंट निकलने की बात कहकर अशोभनीय गालियां देने लगा।
जयकिशन ने जब राजेश्वर को गाली-गलौज करने से मना किया तो आरोपी भड़क गया और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ हाथ-मुक्कों, पत्थर और फर्रस से हमला कर दिया। इस मारपीट में जयकिशन के दाहिने कान के पास तथा बाएं पैर के पंजे में चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।