पोते-पोतियों को डांट रहा था दादा, पड़ोसी को हुई गलतफहमी, घर में घुसकर पीटा 

रायपुर। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में पड़ोसी ने गलतफहमी में बुजुर्ग के साथ मारपीट की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में ब्रह्मदेव पारा, कचना निवासी मिनाक्षी साहू ने बताया कि 23 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे वह अपनी छोटी बहन पूनम साहू के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान उनके दादा आनंद साहू शराब के नशे में घर के भीतर बच्चों पर चिल्ला रहे थे। आरोप है कि तभी सामने रहने वाली पुष्पा वर्मा घर से बाहर आई और आनंद साहू से हमेशा गाली-गलौज करने की बात कहते हुए डंडे से मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत के अनुसार, जब आनंद साहू ने विरोध करते हुए कहा कि वह अपने ही बच्चों पर चिल्ला रहे हैं, तब बंसी वर्मा, नवीन वर्मा और उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए आनंद साहू के साथ हाथ-मुक्कों और डंडों से मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्हें जमीन पर घसीटते हुए पीटा गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। मारपीट में आनंद साहू की नाक पर गंभीर चोट आई, जिससे खून बहने लगा। उनके दोनों हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। परिजन उन्हें पहले उपचार के लिए जिला अस्पताल पंडरी ले गए, जहां से चिकित्सकों ने मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उन्हें हेरिटेज अस्पताल, कचना में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

खम्हारडीह थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *