Headlines

रायपुर में होटल मैनेजर के साथ मारपीट, सुरक्षागार्ड एजेंसी के मालिक पर FIR दर्ज

रायपुर। फुण्डहर स्थित होटल सिक्स डिग्री में मैनेजर के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, होटल सिक्स डिग्री के मैनेजर बाबूल प्रधान ने शिकायत में बताया कि 1 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह होटल में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान टॉप 10 सुरक्षागार्ड एजेंसी के मालिक दीपक पाण्डेय, सुपरवाइजर नित्यानंद, अनुज और विकास होटल पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने होटल प्रबंधन पर उनकी एजेंसी के सुरक्षागार्ड हटाकर दूसरी कंपनी के गार्ड रखने का आरोप लगाया और अपने गार्डों का बकाया वेतन दिलाने की मांग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब बाबूल प्रधान होटल से बाहर आकर उन्हें गाली देने से मना किया और कहा कि कर्मचारियों का वेतन होटल मालिक देगा, तो आरोपी कथित रूप से भड़क गए।

आरोप है कि चारों ने बाबूल प्रधान के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में मैनेजर के गले और बाएं हाथ में चोट आई। घटना के दौरान मौजूद सुशांत और दीपक वर्मा ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।पीड़ित की शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *