धमतरी। जिले की महिला पुलिसकर्मी ने खून देकर मासूम बच्चे की जान बचाई। बताया जा रहा है कि कल 1 जुलाई की रात 10 बजे रेडक्रास सोसायटी के शिवा प्रधान ने महिला पुलिसकर्मी अमृता सेंगर को मासूम बच्चे को तत्काल रक्त की आवश्यकता होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही महिला आरक्षक अमृता सेंगर ने बिना देर किए रक्तदान केंद्र पहुंचकर अपना 18वां रक्तदान किया। उनके इस संवेदनशील और मानवीय प्रयास से जरूरतमंद बच्चे के उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
बता दें कि महिला पुलिसकर्मी अमृता सेंगर पुलिस विभाग में अपने कर्तव्यों के निर्वहन के साथ-साथ मानव सेवा के साथ साथ जनसेवा के कार्यों में हमेशा आगे रहती हैं। बेसहारा और जरूरतमंद बच्चे के लिए तुरंत रक्तदान करने आगे आना उनकी संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवाभाव का परिचायक है।
जिले की एसपी ने महिला आरक्षक अमृता सेंगर के इस सराहनीय-मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनके सेवाभाव एवं समर्पण की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय समाज के साथ खड़े होकर मानवता की सेवा करना भी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण दायित्व है। महिला पुलिसकर्मी अमृता सेंगर ने 18वीं बार रक्तदान कर मिसाल पेश की है।