बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी माजदा वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में महिला और बच्चों समेत 27 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहीं, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दो महिलाओं को जिला चिकित्सालय रेफर कर भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, माजदा वाहन में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। सभी बेमेतरा जिले के मुरकुटा नांदघाट गांव से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कसडोल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 बी पर सेल और छांछी के बीच मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वाहन में सवार कई श्रद्धालु घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस व अन्य वाहनों की मदद से घायलों को कसडोल CHC पहुंचाया गया।
दो महिलाओं के सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार जारी है।