रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं से ली जाने वाली अतिरिक्त सुरक्षा निधि को लेकर स्टेट पावर कंपनी ने स्थिति स्पष्ट की है। कंपनी के अनुसार, अतिरिक्त सुरक्षा निधि वसूलने का नियम नया नहीं है, बल्कि अविभाजित मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के समय से लागू है। यह राशि बिजली बिल नहीं, बल्कि उपभोक्ता की जमा जमानत राशि होती है। इस पर उपभोक्ताओं को हर साल ब्याज भी दिया जाता है। Chhattisgarh State Power Company
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के मुताबिक, राज्य विद्युत नियामक आयोग के प्रावधानों के तहत हर साल अक्टूबर माह में अतिरिक्त सुरक्षा निधि की गणना की जाती है। इसके लिए उपभोक्ताओं की पिछले 12 महीनों की बिजली खपत का आकलन किया जाता है। नियम के अनुसार, उपभोक्ता की दो महीने यानी 60 दिनों की औसत बिजली खपत के बिल के बराबर सुरक्षा निधि निर्धारित की जाती है। पहले से जमा सुरक्षा निधि और निर्धारित राशि के बीच अंतर होने पर ही अतिरिक्त राशि जमा करने की मांग की जाती है।
केवल 9 प्रतिशत उपभोक्ताओं से ली जा रही अतिरिक्त सुरक्षा निधि
कंपनी के अनुसार, प्रदेश में कुल 67.57 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से इस वर्ष केवल 6 लाख 18 हजार उपभोक्ताओं से अतिरिक्त सुरक्षा निधि जमा कराई जानी है। यानी प्रदेश के 9 प्रतिशत से भी कम उपभोक्ताओं पर इसका प्रभाव पड़ेगा। जिन उपभोक्ताओं की बिजली खपत बढ़ी है और पहले से जमा सुरक्षा निधि निर्धारित राशि से कम है, उन्हीं से अतिरिक्त राशि ली जा रही है। Chhattisgarh
188.53 करोड़ रुपये का ब्याज उपभोक्ताओं को मिला
कंपनी ने बताया कि अतिरिक्त सुरक्षा निधि पर उपभोक्ताओं को बैंक के बचत खाते की दर से अधिक ब्याज दिया जाता है। इस वर्ष 5.75 प्रतिशत की दर से ब्याज की गणना कर मई महीने के बिजली बिल में समायोजित किया गया। इसके तहत प्रदेश के उपभोक्ताओं को कुल 188.53 करोड़ रुपये का ब्याज लाभ दिया गया।
कनेक्शन बंद होने पर वापस मिलेगी जमा राशि
स्टेट पावर कंपनी के अनुसार, सुरक्षा निधि उपभोक्ता की जमा राशि है। यदि किसी उपभोक्ता की बिजली खपत कम हो जाती है तो अतिरिक्त सुरक्षा निधि को बिजली बिल में समायोजित कर लौटाने का प्रावधान है। वहीं, बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से बंद कराने पर बकाया बिलों का समायोजन करने के बाद शेष सुरक्षा निधि उपभोक्ता को वापस कर दी जाती है।
क्यों जरूरी है अतिरिक्त सुरक्षा निधि?
कंपनी ने बताया कि बिजली की खपत के बाद अगले महीने बिल जारी किया जाता है। इसके बाद उपभोक्ता को बिल जमा करने के लिए 15 दिनों का अतिरिक्त समय दिया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो महीने का समय लग जाता है। इसी अवधि को ध्यान में रखते हुए नियामक आयोग ने 60 दिनों की औसत बिजली खपत के बराबर सुरक्षा निधि जमा रखने का प्रावधान किया है।
किस्तों में भी जमा कर सकेंगे राशि
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त सुरक्षा निधि की राशि किस्तों में जमा करने का विकल्प भी दिया गया है। इसके लिए उपभोक्ता अपने संबंधित वितरण केंद्र में आवेदन कर सकते हैं। वहीं, उच्चदाब बिजली उपभोक्ता संबंधित क्षेत्रीय मुख्य अभियंता से किस्तों में राशि जमा करने की अनुमति प्राप्त कर सकते हैं।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त सुरक्षा निधि बिजली खपत का शुल्क नहीं, बल्कि उपभोक्ता की जमानत राशि है, जिस पर नियमानुसार ब्याज भी दिया जाता है।