Headlines

रायपुर प्रेस क्लब में संविधान संशोधन पर ऐतिहासिक सहमति

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब के इतिहास में आज का दिन संविधान संशोधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हुआ। क्लब की विशेष सामान्य सभा में संविधान के विभिन्न प्रावधानों में संशोधन के प्रस्तावों पर व्यापक विचार-विमर्श के बाद सभी प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए। बड़ी संख्या में पत्रकार सदस्यों की उपस्थिति, वरिष्ठ पत्रकारों के मार्गदर्शन और सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के बीच संविधान को समयानुकूल बनाने की इस पहल को व्यापक समर्थन मिला।

रायपुर प्रेस क्लब के संविधान के अनुच्छेद 16 में प्रदत्त प्रावधानों के तहत आयोजित विशेष सामान्य सभा का मुख्य उद्देश्य वर्ष 1967 में निर्मित संविधान को वर्तमान समय, पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, तकनीकी बदलावों और सदस्यों की आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक व्यावहारिक, प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाना था।

विशेष सामान्य सभा में संविधान की अनुसूची 1, 2, 3 एवं 4 के विभिन्न उपखंडों में आवश्यक संशोधन एवं परिवर्तन, अनुसूची 5, 7 एवं 8 में वर्णित विशेष प्रावधानों में बदलाव, अनुसूची 9 के विभिन्न उपखंडों में संशोधन एवं नवीन प्रावधानों को शामिल करने तथा अनुसूची 10, 14, 15 एवं 16 में संशोधन संबंधी प्रस्ताव सदस्यों के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत किए गए।

सभी प्रस्तावों पर सदस्यों ने विस्तार से अपने विचार एवं सुझाव रखे। चर्चा के उपरांत सभी संशोधन प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए। सभा में वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभव और मार्गदर्शन के साथ सदस्यों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। यह पूरी प्रक्रिया रायपुर प्रेस क्लब की लोकतांत्रिक परंपरा और सामूहिक निर्णय की भावना को दर्शाती है।

रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि प्रेस क्लब का संविधान लगभग छह दशक पुराना है। इस दौरान पत्रकारिता के स्वरूप, तकनीक, कार्यप्रणाली और पत्रकारों की आवश्यकताओं में व्यापक बदलाव आया है। ऐसे में संविधान को वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप बनाने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से संशोधन प्रस्ताव तैयार कर विशेष सामान्य सभा में सदस्यों के विचारार्थ प्रस्तुत किए गए।

उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब एक लोकतांत्रिक संस्था है और इसके संविधान में बदलाव की प्रक्रिया भी लोकतांत्रिक तरीके से ही पूरी की जा रही है। सामान्य सभा में प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने और सुझाव देने का पूरा अवसर दिया गया। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद बहुमत से पारित प्रस्तावों को अब आवश्यक दस्तावेजों के साथ रजिस्ट्रार, फर्म्स एवं सोसायटी के समक्ष वैधानिक अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया और आवश्यक अनुमोदन के बाद ही संशोधन प्रभावी होंगे।

अध्यक्ष मोहन तिवारी ने विशेष सामान्य सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर प्रस्तावों पर अपने विचार रखने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाने वाले सभी पत्रकार सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभव, मार्गदर्शन, सहयोग और सकारात्मक सुझावों के लिए विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रेस क्लब की मजबूती और बेहतरी सामूहिक सहभागिता से ही संभव है।

उन्होंने कहा कि संविधान संशोधन की यह प्रक्रिया किसी व्यक्ति या कार्यकारिणी तक सीमित नहीं है, बल्कि रायपुर प्रेस क्लब के व्यापक हित, संस्थागत मजबूती और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर की गई सामूहिक पहल है। आज विशेष सामान्य सभा में सदस्यों ने जिस तरह अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई, वह संस्था के प्रति उनकी जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास को प्रदर्शित करता है। सभी सदस्यों के सहयोग और विश्वास से प्रेस क्लब को और अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े, कार्यकारिणी सदस्य संदीप पुराणिक, चंदन साहू, संतोष साहू, नीरज मिश्रा, अंशुमान शर्मा, जाकिर घुड़सेना, संजीव सिन्हा सहित पूर्व अध्यक्ष बृजेश चौबे, रामावतार तिवारी, अनिल पुसदकर , प्रफुल्ल ठाकुर, दामु अंबेडारे तथा वरिष्ठ पत्रकार कौशल किशोर मिश्रा, प्रशांत शर्मा, प्रदीप दुबे, दिनेश तिवारी, राजकुमार चतुर्वेदी,ठाकुर राम साहू, सुकांत राजपूत, कौशल तिवारी, राकेश पांडेय, विश्वनाथ साहू, विजय मिश्रा, नवीन जैन, शंकर चंद्राकर, रमेश पांडे, राकेश निषाद, विद्या भूषण, राहुल जैन, संदीप शुक्ला, शुभ्रा नंदी, मीनल शर्मा, रेणु नंदी, आफताब बेगम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार सदस्य उपस्थित रहे।

रायपुर प्रेस क्लब ने संविधान संशोधन की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहभागी बने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक सहभागिता, सहयोग और विश्वास के साथ संस्था को नई दिशा देने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *