बिलासपुर से अपहृत लड़की रायपुर में मिली, भगाने वाला युवक गिरफ्तार

बिलासपुर। तारबाहर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को रायपुर स्थित उसके किराए के मकान से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया ने थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 9 मई 2026 की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से जानकारी मिली कि नाबालिग बालिका को आरोपी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष (22 वर्ष), निवासी ग्राम नरदहा, थाना विधानसभा, रायपुर अपने साथ रायपुर ले गया है और उसे किराए के मकान में रखा हुआ है।

सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस ने टीम गठित कर रायपुर रवाना की। पुलिस टीम ने आरोपी के किराए के मकान से नाबालिग बालिका को बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 87, 64(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *