साइबर ठगी के दो मामलों में 51,499 वापस, त्वरित एक्शन लेकर पुलिस ने लौटाई राशि

रायपुर। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए दो पीड़ितों की कुल 51,499 रुपये की राशि वापस कराई है। पुलिस ने यह राशि MRM (Money Restoration Module) पोर्टल के माध्यम से वापस दिलाई।

पुलिस के अनुसार, MRM पोर्टल साइबर ठगी के मामलों में पुलिस, बैंक और संबंधित वित्तीय संस्थाओं के बीच समन्वय का माध्यम है। ठगी की सूचना समय पर मिलने पर पुलिस बैंकिंग लेन-देन की जानकारी के आधार पर राशि को रोकने और पीड़ित को वापस दिलाने की कार्रवाई करती है।

पहला मामला गुढ़ियारी निवासी सुनील कुमार पटेल से जुड़ा है। उनके साथ 99,988 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई थी। पुलिस ने MRM पोर्टल के जरिए 26,699 रुपये वापस करा दिए हैं, जबकि 10 हजार रुपये की राशि वापसी की प्रक्रिया में है।

दूसरे मामले में विकास नगर गुढ़ियारी निवासी राहुल शर्मा से 48,700 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद MRM पोर्टल के माध्यम से 24,500 रुपये वापस दिलाए गए।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में जल्द सूचना मिलने पर राशि की वापसी की संभावना बढ़ जाती है। नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा तकनीकी माध्यमों और MRM पोर्टल की मदद से साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि वापस कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *