जगदलपुर। केंद्रीय जेल में कोर्ट के आदेश पर पहली बार ऐसा अनोखा विवाह देखने को मिला, जहां सलाखों के बीच आरोपी और पीड़िता ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे का साथ निभाने का वचन दिया। यहाँ रेप के मामले में जेल भेजे गए एक युवक की शादी जेल परिसर में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला परपा थाना क्षेत्र के राजूर गांव का है। यहां के रहने वाले सुरेश सेठिया और मनमती कश्यप लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। Jagdalpur Jail Wedding लेकिन दोनों अलग-अलग जाति से होने के कारण युवती के परिजनों ने इस रिश्ते का विरोध किया और युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुरेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
युवक के जेल जाने के बाद युवती ने अदालत में आवेदन देकर कहा कि दोनों बालिग हैं, अपनी मर्जी से प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते हैं। युवती की दलील सुनने के बाद अदालत ने पुलिस और केंद्रीय जेल प्रशासन को जेल परिसर में ही विवाह कराने के निर्देश दिए। कोर्ट से मिली आदेश के बाद जगदलपुर केंद्रीय जेल में पहली बार शादी का मंडप सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सुरेश और मनमती ने सात फेरे लिए और कानून की निगरानी में जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।