कांकेर धमतरी और दुर्ग शहर के युवक महाराष्ट्र से गिरफ्तार, ऑनलाइन सट्टा खिला रहा थे किराए में फ्लैट लेकर

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग और म्यूल बैंक खातों के दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के ठाणे में संचालित दो ऑनलाइन सट्टा पैनलों का पर्दाफाश किया है। थाना वैशाली नगर और एसीसीयू, दुर्ग की संयुक्त टीम ने ठाणे स्थित किराए के फ्लैट में दबिश देकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 31 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप सहित बड़ी संख्या में डिजिटल और बैंकिंग उपकरण जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना वैशाली नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 370/2026 की जांच के दौरान संदिग्ध बैंक खातों और ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन की जानकारी सामने आई थी। जांच में मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि दुर्ग-भिलाई और धमतरी क्षेत्र के कुछ युवक महाराष्ट्र के ठाणे में किराए का फ्लैट लेकर ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का संचालन कर रहे हैं।

सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने ठाणे में संबंधित फ्लैट पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वहां दो अलग-अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का संचालन करते 10 आरोपी मिले। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, लैपटॉप, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, वाई-फाई उपकरण और अन्य डिजिटल सामग्री जब्त की।

करोड़ों के लेन-देन की जानकारी सामने आई

प्रारंभिक जांच में दोनों सट्टा पैनलों के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों और डिजिटल भुगतान माध्यमों का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा पैनलों को शिफ्ट के आधार पर संचालित किया जाता था और ऑनलाइन माध्यम से दैनिक लेन-देन का हिसाब-किताब रखा जाता था।

पुलिस अब जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों की तकनीकी और डिजिटल फॉरेंसिक जांच करा रही है। जांच के जरिए सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों का पता लगाया जा रहा है।

31 मोबाइल और 4 लैपटॉप समेत सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लैपटॉप, 31 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, 2 पैन कार्ड, 2 बैंक पासबुक, एक वाई-फाई/इंटरनेट उपकरण, पेन ड्राइव, पावर बैंक, चार्जर, विभिन्न केबल, नगदी और अन्य डिजिटल सामग्री जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों में विष्णु तिवारी (19), अंकित निषाद (23), नितेश कुमार (24), नरेश कन्हाई (24), दीपक कश्यप (27), मेहुल निषाद (23), हर्ष वर्धन निषाद (19), संतोष राम (28), भुवन लाल देवांगन (28) और चेतन ध्रुव (27) शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *