धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस ने कुरूद, मगरलोड और सिहावा थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाते 17 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
कुरूद में 7 जुआरी गिरफ्तार
थाना कुरूद पुलिस को रामसागर तालाब के पास बड़ी रकम का जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 93,200 रुपये नगद, 5 मोटरसाइकिल, 7 मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश बरामद की।
जब्त संपत्ति की कुल कीमत 5,64,400 रुपये बताई गई है।गिरफ्तार आरोपियों में प्रीतम चंद्राकर, दीनू बैस, रवेंद्र कुमार सारथी, भावेश कुमार साहू, प्रकाश साहू, देवाशीष माणिकपुरी और खिलेन्द्र साहू शामिल हैं। मामले में थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम में कार्रवाई की गई।
मगरलोड में 4 जुआरी पकड़े गए
मगरलोड पुलिस ने ग्राम मोहंदी अटल चौक के पास जुआ खेल रहे 4 आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। मौके से 3,200 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में अलाउद्दीन खान, हरिचंद खुंटे, कुलदीप रात्रे और नरेश निषाद शामिल हैं। सभी के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
सिहावा में 6 जुआरी गिरफ्तार
सिहावा पुलिस ने ग्राम भेजरी रावण में स्ट्रीट लाइट के नीचे सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 3,700 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में सुलेश्वर नेताम, मनीष सिन्हा, राजेंद्र साहू, खिलेश्वर साहू, भोला देवांगन और त्रिलोक नेताम शामिल हैं। मामले में अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत धारा 3(2) जुआ एक्ट में कार्रवाई की गई।
जुआ-सट्टा के लिए कोई जगह नहींधमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।