मंदिर हसौद में सिविल कांट्रेक्टर के घर घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

रायपुर। राजधानी के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के तोडगांव में शराब के नशे में एक व्यक्ति द्वारा सिविल कांट्रेक्टर के घर में घुसकर तोड़फोड़, गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ठेकेदार राघवेन्द्र वर्मा ने मंदिर हसौद थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, घटना 3 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। राघवेन्द्र वर्मा गांव के भांठा की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी सरला वर्मा ने फोन कर बताया कि चम्मन लाल वर्मा शराब पीकर घर आया है और गाली-गलौज करते हुए उनके बारे में पूछ रहा है। सूचना मिलने पर राघवेन्द्र तत्काल घर पहुंचे। उनका आरोप है कि चम्मन लाल वर्मा शराब के नशे में था और घर के अंदर घुसकर रेंगनी में लगे टाइल्स को तोड़कर नुकसान पहुंचा चुका था।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने अपने दोस्त सुनील के उधार के पैसे नहीं देने की बात कहते हुए उनके साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। जब राघवेन्द्र ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ हाथापाई की और दाहिने हाथ की बीच वाली उंगली मरोड़ दी। इससे उनकी उंगली में चोट आई और दर्द होने लगा।

राघवेन्द्र वर्मा ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद से वह और उनके परिवार के सदस्य भयभीत हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, मामले में आरोपी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *