मोची की दुकान में हत्या, चप्पल सिलवाने के बाद पैसे देने की बारी आई तो ग्राहक ने दिया वारदात को अंजाम

महाराष्ट्र। नागपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। बुटीबोरी इलाके में महज 20 रुपये के विवाद को लेकर 76 वर्षीय बुजुर्ग की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। चप्पल की सिलाई के पैसे देने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लोहे के औजार से बुजुर्ग के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को आरोपी दिलीप पवार (35) चप्पल की मरम्मत कराने के लिए एक मोची की दुकान पर पहुंचा था। मोची ने उसकी चप्पल की सिलाई कर दी। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद जब 20 रुपये देने की बात आई तो दिलीप ने पैसे देने से इनकार कर दिया।

इसी दौरान दुकान पर मौजूद 76 वर्षीय जयसिंह राजाराम भैंसवार ने दिलीप से काम के पैसे देने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने बुजुर्ग से गाली-गलौज की और गुस्से में दुकान में रखा मोची का लोहे का त्रिकोना औजार उठा लिया।

आरोप है कि दिलीप ने इसी औजार से जयसिंह के सिर पर वार कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें एम्स नागपुर ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बुटीबोरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

महज 20 रुपये के भुगतान को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद बुजुर्ग की जान लेने तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *