Raigarh Crime : जैक रॉड से पार्षद को मारने वाला गिरफ्तार

रायगढ़। वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद विजय चौहान पर लोहे के जैक रॉड से हमला करने के मामले में जूटमिल पुलिस ने फरार आरोपी कमल सारथी (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का जैक रॉड भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 12 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास हुई थी। पार्षद विजय चौहान पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ युवकों के बीच मारपीट होते देखी और विवाद शांत कराने के लिए वहां पहुंचे।बताया गया कि आरोपी कमल सारथी कुछ लोगों से मारपीट कर रहा था। पार्षद ने उसे झगड़ा करने से मना किया, जिससे आरोपी नाराज हो गया।

आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए पार्षद को जान से मारने की धमकी दी और लोहे के जैक रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में पार्षद घायल हो गए।घटना के बाद पार्षद के पिता ने जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 296 और 351(3) में मामला दर्ज किया।

घर लौटते ही पुलिस ने पकड़ा

मामला गंभीर होने के कारण एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद जूटमिल पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार था।पुलिस ने आरोपी के घर और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी।

इसी दौरान उसके घर वापस आने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर कमल सारथी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका अपने जीजा के साथ विवाद चल रहा था। इसी दौरान पार्षद ने बीच-बचाव करते हुए उसे झगड़ा करने से मना किया, जिससे वह नाराज हो गया और उसने पार्षद पर जैक रॉड से हमला कर दिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे का जैक रॉड बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *