रायपुर। रायपुर पुलिस द्वारा जुआ-सट्टा संचालित करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी, हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी और लापता महिला की दस्तयाबी के साथ साथ जरूरतमंद महिला यात्री की सहायता की गई।
आजाद चौक पुलिस ने सट्टा संचालित करते दो आरोपियों को पकड़ा
आजाद चौक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामसागरपारा स्थित आदेश्वर कॉम्प्लेक्स के पास कुछ लोग सट्टा-पट्टी के माध्यम से अवैध रूप से सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमन यादव और अजय राउत बताया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा-पट्टी, डॉट पेन, रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन और 1,700 रुपये नगद जब्त किए।
इसके अलावा थाना आजाद चौक में हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में दर्ज अपराध क्रमांक 307/25 में फरार आरोपी साहिल खान गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।
सरस्वती नगर पुलिस ने भटकी महिला यात्री की मदद की
रात साढ़े 11 बजे भाटापारा जाने वाली एक महिला यात्री गलती से सरस्वती नगर रेलवे स्टेशन उतर गई थीं। महिला निवासी सेमरिया, भाटापारा थीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनकी सहायता की और उन्हें सुरक्षित रायपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचाया। साथ ही घर पहुंचने के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई गई, जिससे महिला सुरक्षित रूप से घर के लिए रवाना हो सकीं।
डीडी नगर पुलिस ने लापता महिला को परिजनों से मिलाया
थाना डीडी नगर में दर्ज गुम इंसान क्रमांक 107/2026 के मामले में पुलिस ने गुमशुदा महिला की पतासाजी कर उन्हें सकुशल दस्तयाब किया। आवश्यक कार्रवाई एवं दस्तयाबी पंचनामा तैयार करने के बाद महिला को उनके परिजन कन्हैया देवांगन को सौंपा।