रायपुर। राजधानी में गुंडागर्दी, अवैध वसूली, चाकू लेकर घूमने और अवैध शराब के खिलाफ मध्य जोन पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल के निर्देश और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पिछले दो दिनों में कुल 10 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 7 आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया गया, जबकि गुंडागर्दी और अवैध शराब के मामलों में भी कार्रवाई की गई।
गंज थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर घूमने और लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में तीन युवकों को पकड़ा।पुलिस ने इकबाल शेख (21) को एक्सप्रेस-वे रोड चुनाभट्ठी के पास धारदार चाकू के साथ पकड़ा। वहीं शिवा नायक उर्फ छुरा (19) को पुरानी देशी शराब भट्ठी के पास चाकू लेकर लोगों को डराते हुए पकड़ा गया। नितिन हरिजन उर्फ बिड़ी (21) को तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे चाकू लेकर घूमते हुए गिरफ्तार किया गया। तीनों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

मौदहापारा पुलिस की कार्रवाई, चार के खिलाफ केस
मौदहापारा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने चाकू लेकर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। फिरोज खान (33) को मेकाहारा अस्पताल स्लम के पास स्टील के धारदार चाकू के साथ पकड़ा गया। इसी तरह देवराम बघेल (25) को मरही माता मंदिर रोड पर लक्ष्मी मेडिकल के सामने धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मयंक सोनी (19) और एक विधि से संघर्षरत बालक को बॉम्बे मार्केट के पास बिजली ऑफिस के सामने चाकू लेकर घूमते हुए पकड़ा। सभी मामलों में धारदार हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। विधि से संघर्षरत बालक को नियमानुसार बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है