जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ ब्लॉक से एक शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में शिक्षिका स्कूलों में लागू किए गए नए ऑनलाइन अटेंडेंस ऐप को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करती नजर आ रही हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा में शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति के नाम पर परेशान किए जाने का आरोप लगाया है।
वीडियो में शिक्षिका का कहना है कि यदि शिक्षकों के लिए समय पर उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है, तो यह व्यवस्था सभी विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर भी समान रूप से लागू होनी चाहिए। उन्होंने ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर सरकार के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए कड़े तेवर भी दिखाए हैं।
शिक्षिका ने अपने वीडियो में सड़कों पर घूम रहे मवेशियों की समस्या का भी जिक्र किया और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। वीडियो वायरल होने के बाद यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
वहीं, वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में शिक्षकों की अनुशासन व्यवस्था और ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर भी बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग शिक्षिका के बेबाक अंदाज की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे विभागीय अनुशासन के लिहाज से उचित नहीं मान रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से किसी आधिकारिक कार्रवाई या प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।