तखतपुर। धान की फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए खेत की रखवाली करने गए किसान की कथित अवैध इलेक्ट्रिक फेंसिंग की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पेंड्री से लगे चनाडोंगरी में हुआ। मृतक की पहचान गंगाराम कोल के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गंगाराम चनाडोंगरी स्थित खेत में धान की फसल की रखवाली करने गया था। इसी दौरान वह खेत से लगे दूसरे किसान के खेत में आवारा मवेशियों को रोकने के लिए लगाए गए विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि गंगाराम के साथ किसान महेंद्र कौशिक भी अलग स्थान पर अपने खेत की रखवाली कर रहा था। कुछ देर बाद महेंद्र ने आवाज लगाई, लेकिन गंगाराम की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। आशंका होने पर वह उसे देखने पहुंचा। वहां पहुंचते ही महेंद्र को भी हल्का करंट लगा।
किसी तरह संभलकर आगे बढ़ने पर उसने देखा कि गंगाराम जमीन पर अचेत पड़ा था और उसके पैरों में विद्युत तार लिपटा हुआ था। घटना की जानकारी महेंद्र ने अपने बड़े भाई को दी। इसके बाद कोटवार को सूचना दी गई और मामले की जानकारी तखतपुर पुलिस को दी गई।