यूपी का मोहम्मद मोनिस दुर्ग शहर में चिट्टा-हेरोइन बेचते गिरफ्तार

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने जुनवानी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चिट्टा/हेरोइन की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और एक एप्पल मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 60 हजार 200 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि जुनवानी से खम्हरिया की ओर एक व्यक्ति अवैध रूप से चिट्टा/हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जुनवानी क्षेत्र में तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद मोनिस अंसारी (23 वर्ष) निवासी महमूदनगर, सरवट मोहल्ला, मुजफ्फरनगर, उत्तरप्रदेश बताया। वर्तमान में वह चौहान ग्रीनवैली, जुनवानी में रह रहा था। पुलिस ने विधिवत तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 10 हजार 200 रुपये है, बरामद हुआ। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, भी जब्त किया गया।

पुलिस ने कुल 2 लाख 60 हजार 200 रुपये की मशरूका जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1494/2026 में धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *