SP भावना पांडेय का एक्शन मोड, जनरल परेड में जवानों का परखा अनुशासन

धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने शुक्रवार को रक्षित केंद्र धमतरी में जनरल परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट, वेशभूषा, अनुशासन और परेड की कार्यवाही का जायजा लिया।

एसपी ने जवानों की शारीरिक दक्षता और अनुशासन को प्रभावी पुलिसिंग के लिए जरूरी बताते हुए सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार, आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने पर जोर दिया।

शासकीय वाहनों की स्थिति का लिया जायजा

जनरल परेड के बाद एसपी भावना पांडेय ने एमटी शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने शाखा में उपलब्ध शासकीय वाहनों की स्थिति, रख-रखाव, दस्तावेज और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली।एसपी ने अधिकारियों को वाहनों की नियमित देखभाल, समय-समय पर तकनीकी जांच और जरूरत के अनुसार मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के संसाधनों का बेहतर रख-रखाव कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

एसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों से टीम भावना के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों की सुरक्षा और बेहतर पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जनरल परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी भानू प्रताप चंद्राकर, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े सहित जिले के थाना और चौकी प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *