Durg : ओदरागहन एनीकट में युवक की मौत

दुर्ग। जिले के पाटन क्षेत्र में खारून नदी में एनीकट पार करने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बहाव के बीच बाइक से नदी पार कर रहा एक युवक पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया।

मृतक की पहचान धमतरी जिले के ग्राम तर्रागोंदी निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना रानितराई थाना क्षेत्र के ओदरागहन की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र कुमार यादव 17 सितंबर की रात करीब 7 बजे बाइक से खारून नदी में बने एनीकट को पार कर रहा था। इसी दौरान नदी का बहाव तेज होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत नदी में जा गिरा। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही रानितराई थाना पुलिस और एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद प्रशिक्षित डीप डाइवर्स की मदद से नदी में खोज अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद रेस्क्यू टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया।

शव को पुलिस के सुपुर्द कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *