धमतरी। शहर के CG05 रेस्टोरेंट-लॉज में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कमरे से युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रविवार को कोतवाली पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मृतका की पहचान पिंकी मानिकपुरी (22), निवासी कवर्धा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवती 24 सितंबर से CG05 रेस्टोरेंट-लॉज में ठहरी हुई थी। कमरे में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
कई पहलुओं पर जांच
युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। FSL टीम ने कमरे और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया जाएगा।पुलिस ने लॉज परिसर में मौजूद गतिविधियों की भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। इसके साथ ही रेस्टोरेंट-लॉज संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। युवती के वहां ठहरने से लेकर मौत से पहले की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही युवती की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।