Headlines

कोड़ापार और चटोद में बिरेझर पुलिस ने मारी रेड, अवैध शराब बेचते दो आरोपी पकड़े गए

धमतरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब के क्रय-विक्रय, परिवहन और संग्रहण पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिरेझर चौकी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 23 नग देशी प्लेन शराब और 450 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2,750 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोड़ापार में टाइल्स फैक्ट्री के पास एक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर बिरेझर पुलिस टीम ने 28 सितंबर को मौके पर दबिश दी।

इस दौरान पुलिस ने शुभम साहू (22 वर्ष), निवासी कोड़ापार को शराब बिक्री करते पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11 नग देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत करीब 1,100 रुपये है, बरामद की गई। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 300 रुपये भी जब्त किए गए। कुल 1,400 रुपये का मशरूका जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 324/2026 दर्ज किया गया।

इसी तरह दूसरी कार्रवाई ग्राम चटोद में यात्री प्रतीक्षालय के पास की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर मनमोहन साहू (36 वर्ष), निवासी चटोद को अवैध रूप से शराब बेचते पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 नग देशी प्लेन शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 1,200 रुपये है, बरामद की। साथ ही शराब बिक्री की रकम 150 रुपये भी जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 325/2026 के तहत कार्रवाई की गई।

दोनों प्रकरणों में बिरेझर पुलिस ने 23 नग देशी प्लेन मदिरा, जिसकी अनुमानित कीमत 2,300 रुपये है, और 450 रुपये बिक्री रकम जब्त की। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2,750 रुपये बताई गई है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस द्वारा सूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए अवैध शराब की बिक्री और परिवहन में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *