दो माजदा में भरकर ले जा रहे थे 17 टन 900 किलो स्क्रैप, पुलिस ने दबोचा

रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और खरीदी-बिक्री के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात के पास दो माजदा वाहनों को रोककर करीब 17 टन 900 किलो स्क्रैप जब्त किया है। कार्रवाई में दोनों वाहनों समेत कुल 26 लाख 26 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी व डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में कबाड़ के अवैध परिवहन पर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से माजदा वाहनों के जरिए अवैध कबाड़ परिवहन की सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 2 अक्टूबर को ग्राम देलारी में रायगढ़ इस्पात के पास घेराबंदी कर दो माजदा वाहनों को रोका और उनकी जांच की। वाहन क्रमांक CG07CC0311 से विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहन पार्ट्स का करीब 9 टन 690 किलो स्क्रैप, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 39 हजार 150 रुपये बताई गई है, बरामद किया गया।

वहीं दूसरे वाहन क्रमांक OD31G8488 से करीब 8 टन 210 किलो स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 87 हजार 350 रुपये है। दोनों वाहनों में कुल 17 टन 900 किलो कबाड़ मिला, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 26 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान वाहन चालक कबाड़ के संबंध में संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों माजदा वाहनों को भी जब्त कर लिया। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

दो वाहन चालकों पर वैधानिक कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान लालमणी गणतिया, निवासी बलांगिर, ओडिशा और मो. अपरार, निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश को पकड़ा गया। दोनों के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 50/2026 एवं 51/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) BNSS/303(2) BNS में वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *