महिला ने देखी लाश, बाउंड्रीवॉल प्लॉट में पहुंची पुलिस

कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार को एक व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मालदा घाट स्थित बाउंड्रीवॉल वाले प्लॉट के अंदर घने जंगल में बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह एक महिला की नजर जंगल के अंदर पड़े शव पर पड़ी। महिला ने तत्काल इसकी जानकारी ग्रामीणों, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधियों को दी। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जांच करने के साथ ही लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।

कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *