मुंबई। महाराष्ट्र में होने वाले विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई है।
भाजपा केंद्रीय कार्यालय की ओर से आज जारी लिस्ट के अनुसार पार्टी ने पुणे और नागपुर संभाग के स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों तथा पुणे संभाग के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं।
घोषित उम्मीदवारों में पुणे विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. (श्रीमती) स्मिता योगेश जाधव, नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से श्री सुधाकर विठ्ठलराव कोहले और पुणे विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से श्री कौस्तुभ मुरलीधर गावड़े को प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा की ओर से जारी इस सूची पर सांसद (राज्यसभा) एवं राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ के हस्ताक्षर हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
भाजपा के घोषित उम्मीदवार
- पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: डॉ. स्मिता योगेश जाधव
- नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: सुधाकर विठ्ठलराव कोहले
- पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: कौस्तुभ मुरलीधर गावड़े