रायपुर। मेकाहारा अस्पताल परिसर से एक डॉक्टर की स्कूटी चोरी होने का मामला सामने आया है। अस्पताल के स्त्री रोग विभाग में पदस्थ डॉक्टर श्रेया साहू ने स्कूटी चोरी होने की शिकायत मौदहापारा थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, डॉक्टर ड्यूटी पर गई थीं और अस्पताल परिसर में स्कूटी खड़ी की थी। अगले दिन घर जाने के लिए बाहर निकलीं तो स्कूटी गायब मिली।
डॉक्टर श्रेया साहू ने पुलिस को बताया कि सफेद रंग की एक्टिवा उनकी मां राजरानी साहू के नाम पर पंजीकृत है। 7 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे वह स्कूटी क्रमांक CG 04/KD/7199 से मेकाहारा अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के दाईं ओर स्कूटी खड़ी की और ड्यूटी पर चली गईं।
शिकायत के मुताबिक, 8 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे जब वह ड्यूटी समाप्त कर घर जाने के लिए बाहर निकलीं, तो निर्धारित स्थान पर स्कूटी नहीं मिली। उन्होंने अस्पताल परिसर और आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद डॉक्टर ने मौदहापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।