Headlines

कांग्रेस ने जनजातीय समाज को वोटबैंक के रूप में इस्तेमाल किया : CM विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज के विकास को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक केंद्र और राज्यों में कांग्रेस की सरकारें रही हैं, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा जनजातीय समाज को वोटबैंक के रूप में इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजातीय समाज के समुचित विकास और उनके उत्थान के लिए ठोस पहल की है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के विकास को प्राथमिकता देते हुए अलग से जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था। इसके बाद जनजातीय समुदाय के विकास के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों को शामिल किया गया है।

सीएम साय ने कहा कि विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम जनमन योजना की शुरुआत की है। छत्तीसगढ़ में ऐसी पांच विशेष पिछड़ी जनजातियां हैं, जिनकी कुल आबादी लगभग 3 लाख 20 हजार है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को इन जनजातीय बस्तियों में जाकर विकास कार्यों को देखना चाहिए। इन क्षेत्रों में लोगों के पक्के मकान बनाए जा रहे हैं, सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली पहुंचाई जा रही है। इसके साथ ही घरों तक पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने और राशन कार्ड बनाने जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के जीवन स्तर में सुधार और उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *