धमतरी। पुलिस आरक्षक ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए ऑटो में छूटे महिला के बैग, मोबाइल और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित वापस लौटाया। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से महिला भावुक हो गईं और उन्होंने पुलिसकर्मी के प्रति आभार जताया।
मामला सिटी कोतवाली थाना का है। जानकारी के अनुसार, एक महिला का बैग ऑटो में छूट गया था। बैग में मोबाइल सहित अन्य जरूरी और कीमती सामान रखा हुआ था। इस दौरान थाना सिटी कोतवाली में पदस्थ आरक्षक किशोर गायकवाड़ की नजर बैग पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए बैग और उसमें रखे सभी सामान को सुरक्षित रखा तथा उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू कर दी।
लगातार प्रयासों के बाद बैग की मालिक की पहचान कांकेर जिले के चारामा निवासी हिना यादव के रूप में हुई। इसके बाद आरक्षक किशोर गायकवाड़ ने उन्हें थाना सिटी कोतवाली धमतरी बुलाकर उनका पूरा सामान सुरक्षित सुपुर्द कर दिया।
लंबे प्रयासों के बाद अपना खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस पाकर हिना यादव भावुक हो गईं। उन्होंने धमतरी पुलिस और आरक्षक किशोर गायकवाड़ का धन्यवाद करते हुए उनकी ईमानदारी और तत्परता की सराहना की।