रायपुर। काठाडीह मार्ग स्थित सेकेंडरी कचरा कलेक्शन पॉइंट को लेकर नगर निगम ने स्थिति स्पष्ट की है। निगम के अनुसार, यह स्थल जोन क्रमांक-6 के अंतर्गत निर्धारित सेकेंडरी कचरा कलेक्शन पॉइंट है, जहां आसपास के क्षेत्रों से एकत्रित कचरे को अस्थायी रूप से जमा किया जाता है। यहां से कचरे का उठाव नियमित रूप से प्रतिदिन कराया जाता है और उसे निष्पादन के लिए निगम द्वारा निर्धारित स्थल पर भेजा जाता है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि उक्त स्थल पर मृत पशुओं का निपटान नहीं किया जाता है। यदि किसी कारणवश ऐसी स्थिति निर्मित होती है, तो तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाती है। साथ ही स्थल पर एकत्रित कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित किया जाता है।
निगम के मुताबिक, विगत दिनों दीपावली पर्व और अन्य त्यौहारी गतिविधियों के कारण क्षेत्र में सामान्य दिनों की तुलना में कचरे की मात्रा में अप्रत्याशित वृद्धि हुई थी। इसके चलते कचरे के उठाव और सफाई कार्य में कुछ स्थानों पर अस्थायी विलंब की स्थिति बन सकती है। हालांकि, सफाई व्यवस्था लगातार संचालित रही और संबंधित स्थल से प्रतिदिन कचरा उठाया जा रहा है।
नगर निगम ने बताया कि स्थल पर स्वच्छता और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित सफाई अमले को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में भी नियमित कचरा उठाव, साफ-सफाई और स्थल की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आसपास के रहवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।