बलौदाबाजार। बस चालक के साथ कथित मारपीट और जानलेवा हमले की घटना के बाद बलौदाबाजार में विवाद गहरा गया है। घटना के विरोध में बस संचालकों ने बसों का संचालन बंद कर दिया और सड़क पर उतरकर विरोध जताया। बसों के पहिए थमने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बस संचालकों का आरोप है कि कुछ ऑटो चालकों ने बस चालक को घेरकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद बस संचालकों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बस संचालकों ने ऑटो चालकों के लिए अलग स्टैंड निर्धारित करने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि बस स्टैंड में ऑटो की आवाजाही और पार्किंग को लेकर लंबे समय से परेशानी बनी हुई है। घटना के बाद यह मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। वहीं, बस स्टैंड के व्यापारियों ने भी बस संचालकों के आंदोलन का समर्थन किया है। आंदोलन के चलते बस स्टैंड क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
मामला गरमाने की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी और आरटीओ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बस संचालकों और व्यापारियों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बातचीत जारी है। बस संचालक घायल चालक पर हमले के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बस स्टैंड में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।