कोसमर्रा में अवैध मदिरा बिक्री की खबर पर प्रशासन का एक्शन, जांच में नहीं मिला कोई सुराग

धमतरी। सोशल मीडिया के माध्यम से ग्राम कोसमर्रा में अवैध मदिरा विक्रय संबंधी प्रसारित समाचार के संबंध में आबकारी विभाग द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थल पर जांच की गई। जांच के दौरान आज दिनांक 30 अप्रैल 2026 को संजय पारधी के मकान में दबिश देकर सघन तलाशी ली गई, किंतु किसी भी प्रकार का अवैध मादक द्रव्य अथवा मदिरा बरामद नहीं हुआ।

कार्यवाही उपरांत ग्राम कोसमर्रा के सरपंच, महिला कमाण्डों एवं अन्य ग्रामीणों से संपर्क कर जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में गांव में अवैध मदिरा का विक्रय नहीं किया जा रहा है। साथ ही ग्रामवासियों द्वारा इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु आर्थिक दण्ड का प्रावधान भी किया गया है।

ग्रामीणों ने यह भी आश्वस्त किया कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति अवैध मदिरा विक्रय में संलिप्त पाया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दी जाएगी। आबकारी विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ग्राम कोसमर्रा सहित आसपास के क्षेत्रों में सतत गश्त जारी रखते हुए अवैध मदिरा विक्रय एवं संबंधित गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *