कुरुद। धमतरी जिले के डंडेसरा गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ग्रामीणों में सुरक्षा का संदेश देने के लिए पुलिस ने सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने चार युवकों को गांव की गलियों में पैदल भ्रमण कराया। इस दौरान युवकों के गले में तख्तियां लटकाई गई थीं, जिन पर लिखा था— “गांव में गुंडागर्दी नहीं चलेगी, गांव वालों को डरने की जरूरत नहीं है।”
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए चारों युवकों के खिलाफ थाना कुरुद में पहले से मारपीट, हथियार लहराने और लोगों को डराने-धमकाने से जुड़े मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में उमाकांत कंवर, राहुल कंवर, कृष सेन और भूलेंद्र साहू, सभी निवासी डंडेसरा, शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान युवकों के पास से डंडा, लोहे की रॉड और लोहे से बना दंतिला चक्रनुमा हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। टीम ने गांव की गलियों में पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों को कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर संदेश दिया।
पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, लोगों को डराने-धमकाने और सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के तहत असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर निगरानी रखने के साथ वैधानिक कार्रवाई और आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भयमुक्त वातावरण बनाए रखना और आम लोगों में कानून के प्रति विश्वास मजबूत करना है।