रायगढ़ में जनरल स्टोर का शटर तोड़कर चोरी, 2 नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में जनरल स्टोर का शटर तोड़कर नकदी और गुटखा चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक समेत दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी का राजश्री गुटखा और 1,700 रुपये नकद बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लोहे की रॉड से दुकान का शटर उठाकर वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के मुताबिक, सिंधी कॉलोनी निवासी हरिचंद अम्बुवानी ने 27 सितंबर को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कालीबाड़ी, सिविल लाइन स्थित दीपक जनरल स्टोर को 26 सितंबर की रात करीब 10 बजे बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान पहुंचे तो शटर क्षतिग्रस्त मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था।

जांच में दुकान के गल्ले से नकदी और राजश्री गुटखा के 200 पैकेट, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई, गायब मिले। मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 544/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि जेलपारा जूटमिल निवासी विवेकानंद चौहान (24) अपने साथियों के साथ चोरी किए गए गुटखे को कम कीमत पर दुकानदारों को बेचने की बात कर रहा है।

पुलिस ने संदेही विवेकानंद चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात लोहे की रॉड से शटर उठाकर दुकान में प्रवेश किया था। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरा तोड़कर दुकान से नकदी और गुटखा चोरी किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की रकम आपस में बांट ली थी, जबकि गुटखे को रेलवे ट्रैक के पास छिपा दिया था। अगले दिन चोरी किए गए गुटखे में से एक बोरी उन्होंने अपने एक अन्य नाबालिग साथी को बेचने के लिए दी थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो छोटी बोरियों में रखा राजश्री गुटखा और 1,700 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में चोरी की वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *