Headlines

Kurud : युवती की हत्या की कोशिश, कॉल में किसी और के साथ बात करने से नाराज प्रेमी ने घोंपा चाकू

धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और शक के चलते एक युवती पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए पहले कुरूद अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे धमतरी के निजी अस्पताल रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, घायल युवती की पहचान अनीता मंडावी के रूप में हुई है, जो कोंडागांव की रहने वाली है और कुरूद क्षेत्र स्थित बालाजी राइस मिल में काम करती है। वहीं आरोपी युवक दिलीश्वर, भाटा गांव का निवासी बताया जा रहा है। दोनों एक ही स्थान पर काम करते हैं।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। आरोप है कि दिलीश्वर अपने पैसों से अनीता के मोबाइल में रिचार्ज करवाता था। इसी दौरान उसे शक हुआ कि रिचार्ज के बाद अनीता किसी अन्य व्यक्ति से लंबे समय तक फोन पर बातचीत करती है। इसी शक को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि दिलीश्वर अनीता के घर पहुंचा और वहां उस पर चाकू से हमला कर दिया।

चाकू के हमले में युवती के कमर और जांघ समेत शरीर के कई हिस्सों में गहरे घाव आए हैं। घटना के बाद उसे तत्काल कुरूद अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे धमतरी के निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद कुरूद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीश्वर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *