पुलिस कांस्टेबल बनाने 11 लाख की ठगी, फ्रॉड प्रोफेसर का सहयोगी गिरफ्तार

रायगढ़। नौकरी लगाने के नाम पर 11.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी अमन यादव (25 वर्ष), निवासी लामरदहा, थाना चक्रधरनगर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2025 को छोटे अतरमुड़ा निवासी 60 वर्षीय अलेन किड़ो ने थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके भतीजे राहुल किड़ो को छत्तीसगढ़ पुलिस में कांस्टेबल के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने उनसे कुल 11 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी उत्तरा सिदार ने शुरुआत में 50 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें 30 हजार रुपये दिए गए। इसके बाद संजू यादव को 20 हजार रुपये दिए गए। आरोपियों ने बताया था कि रकम रायपुर निवासी विकास सिदार को दी जानी है, जो नौकरी लगवाने में मदद करेगा। इसके बाद अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई गई। आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर पीड़ित पक्ष को विश्वास में लिया था।

मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 475/2025 के तहत धारा 420, 468, 34 आईपीसी में अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के प्रोफेसर उत्तरा सिदार (50) निवासी कांटाहरदी और संजू यादव (27) निवासी छोटे अतरमुड़ा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।

ठगी की रकम लेने के लिए बैंक खाता कराया उपलब्ध

पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच आरोपी अमन यादव न्यायालय में सरेंडर करने पहुंचा। इसकी जानकारी मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुलिस को पता चला कि अमन यादव ने उत्तरा सिदार और संजू यादव के कहने पर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इसके बदले उसे रकम दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस अन्य आरोपियों और ठगी की रकम के लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *