मुंबई। फ्लाईदुबई की उड़ान में संकट के दौरान साहस और सूझबूझ दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की देशभर में सराहना हो रही है। इसी कड़ी में अभिनेता शाहरुख खान ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कैप्टन मच्छार के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।
शाहरुख खान ने अपनी पोस्ट में लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छार सबसे ज्यादा जरूरत के समय मजबूती से खड़े रहे। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों का सामना करना और अपनी सुरक्षा को दांव पर लगाना आसान नहीं होता, लेकिन कैप्टन मच्छार ने विमान में सवार लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए।
अभिनेता ने आगे लिखा कि कैप्टन मच्छार ने दुनिया को दिखाया कि एक कप्तान की जिम्मेदारी क्या होती है। उन्होंने इसे साहस और कर्तव्य का सच्चा प्रदर्शन बताते हुए कैप्टन मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
रिपोर्टों के अनुसार, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके सह-पायलट ने हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की और विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के ताबुक में उतारा गया। विमान में 174 यात्री सवार थे।
घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई सार्वजनिक हस्तियों ने कैप्टन मच्छार के साहस की सराहना की है। फिलहाल कैप्टन मच्छार का उपचार चल रहा है और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की जा रही है।