रायपुर। आमानाका क्षेत्र में एक युवक की कार से टक्कर मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान परमप्रीत सिंह (34 वर्ष), पिता विक्रम सिंह, निवासी सेक्टर-04, उदया सोसायटी, टाटीबंध, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को थाना आमानाका में सूचना मिली कि परमप्रीत सिंह का दुर्ग निवासी भरत मंगनानी के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने एम्स के सामने अपनी कार से परमप्रीत सिंह को टक्कर मार दी।बताया गया है कि टक्कर के बाद परमप्रीत सिंह कार की छत पर चढ़ गया। इसके बावजूद आरोपी ने वाहन नहीं रोका और कार को तेज गति से कुछ दूरी तक चलाता रहा। इसी दौरान परमप्रीत कार से नीचे गिर गया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसके ऊपर कार चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर चोटों के कारण परमप्रीत सिंह की मौत हो गई।घटना के संबंध में चक्षुदर्शी गवाहों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को हत्यात्मक प्रकृति का मानते हुए बीएनएस की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी भरत मंगनानी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।