कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकहड़ा में 24 वर्षीय महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने उसके पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पत्नी और भाभी को शराब पिलाने की बात से नाराज होकर महिला की हत्या कर दी। मामले की जांच में डॉग स्क्वॉड के बाघा ने अहम भूमिका निभाई और पुलिस को आरोपी तक पहुंचाया।
मामला 23 सितंबर का है। ग्राम लैंगा के पास स्थित लोकहड़ा में सुखमनिया एक्का का शव खेत के पास संदिग्ध अवस्था में मिला था। महिला के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या की गई थी। सूचना मिलने पर पसान थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने फोरेंसिक, साइबर और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की। घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर जब्त किया गया। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
डॉग स्क्वॉड के बाघा ने आरोपी के घर तक पहुंचाया
लोकहड़ा वनांचल क्षेत्र में बसा है, जहां छोटी पहाड़ियों और दुर्गम रास्तों के कारण तकनीकी व संचार साधनों की कमी है। ऐसे में पुलिस ने जांच के लिए डॉग स्क्वॉड के बाघा की मदद ली। बाघा घटनास्थल से सुराग लेते हुए ऊबड़-खाबड़ रास्तों से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक घर में जा घुसा।
पुलिस ने घर में रहने वाले सहस राम को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
पत्नी और भाभी को शराब पिलाने से था नाराज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सहस राम मिंज (38), पिता प्रेम सिंह, ग्राम लोकहड़ा के उरांवपारा का निवासी है। आरोपी ने बताया कि मृतका सुखमनिया एक्का उसकी पत्नी की सहेली थी और दोनों के घरों के बीच करीब 50 मीटर की दूरी थी।
पुलिस के अनुसार, सुखमनिया शराब पीती थी और आरोपी की पत्नी के साथ उसके छोटे भाई की पत्नी को भी शराब पिलाती थी। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था। इसी नाराजगी में उसने कथित तौर पर सुखमनिया की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।