रायपुर। राजधानी में चलती स्कूटी पर एक युवक की स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया है। युवक तेज रफ्तार में स्कूटी चलाते हुए उस पर खड़ा नजर आ रहा है। यह वीडियो केनाल रोड पर पीडब्ल्यूडी ओवरब्रिज, न्यू मठपुरैना-अमलीडीह चौक के पास का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 9 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे की है। इस दौरान किसी व्यक्ति ने स्कूटी सवार युवक की स्टंटबाजी को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में युवक तेज रफ्तार स्कूटी पर खड़े होकर वाहन चलाता दिखाई दे रहा है।
सार्वजनिक सड़क पर इस तरह स्टंट करना न केवल युवक के लिए, बल्कि आसपास से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी खतरनाक हो सकता है। जरा सी चूक से गंभीर सड़क हादसा हो सकता है।
फिलहाल, वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान और इस मामले में यातायात पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।