धमतरी। एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बनकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर लाखों रुपये का सामान ले जाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रुद्री पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना सिविल लाइन रुद्री में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का बड़ा अधिकारी बताते हुए उसके घर में अनाधिकृत रूप से घुसे। आरोपियों ने उसे गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे लैपटॉप, वनप्लस पैड तथा 8 मोबाइल फोन अपने साथ ले गए। पुलिस ने चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई है।
शिकायत के आधार पर रुद्री थाने में अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मामले में धारा 335 और 309(4) बीएनएस भी जोड़ी गई।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व में रामचंद देवांगन (40) निवासी रुद्री और नागेंद्र पटेल (34) निवासी पटना, जिला कोरिया को गिरफ्तार किया था। दोनों की गिरफ्तारी 29 नवंबर 2025 को की गई थी।
मामले में फरार चल रहे आरोपी हितेश सिंह, पिता गणेश बहादुर सिंह, निवासी ग्राम सलका बड़कापारा, थाना एवं जिला बैकुंठपुर, जिला कोरिया को रुद्री पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।