Headlines

शादी की खुशियों के बीच हाथियों का कहर, 9 बोरी चावल चट कर गए गजराज

कवर्धा। जिले के कुकदुर क्षेत्र में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। जंगलों में विचरण कर रहे चार हाथियों के दल ने बीती रात केसमरदा गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने बस्ती में घुसकर दो घरों में तोड़फोड़ की और घरों में रखे खाद्य पदार्थों को खाकर बिखेर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी है।

जानकारी के अनुसार, केसमरदा गांव में रहने वाला एक बैगा परिवार रात में अपने घरों में गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान चार हाथियों का दल अचानक बस्ती में घुस आया। हाथियों ने दो मकानों को नुकसान पहुंचाया। अचानक हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग किसी तरह घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

बताया जा रहा है कि बुधसिंह बैगा के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी के लिए घर में नौ बोरी चावल रखे गए थे, लेकिन हाथियों ने चावल को भी बर्बाद कर दिया। हाथियों के इस उत्पात से परिवार को काफी नुकसान हुआ है।

गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले भी इसी क्षेत्र के ग्राम बनगौरा-दलदली इलाके में हाथियों के दल ने मितानिन बैगिनबाई को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था। लगातार हो रही हाथियों की आवाजाही और हमलों से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *