सक्ती। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना डभरा थाना क्षेत्र के छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास की है। आज दोपहर रायपुर से एक बस सक्ती होते हुए आगे जा रही थी। इसी दौरान छवारिपाली के पास बस ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना डभरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों की मौत की पुष्टि कर दी।